Latest News / ताज़ातरीन खबरें

गंगा दशहरा पर बाबा भैरवनाथ धाम में उमड़ेगी आस्था की भीड़, पांच दिवसीय मेले की तैयारियां तेज

महराजगंज (आजमगढ़)। जनपद आजमगढ़ के महराजगंज नगर स्थित प्राचीन बाबा भैरवनाथ धाम में गंगा दशहरा पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। सोमवार से शुरू होने वाले गंगा दशहरा मेले को लेकर पूरे नगर में उत्साह का माहौल है। धार्मिक आस्था, परंपरा और उत्सव का संगम माने जाने वाला यह मेला पांच दिनों तक चलता है, जिसमें आसपास के कई जिलों से हजारों श्रद्धालु और मेले में आने वाले लोग पहुंचते हैं।
बाबा भैरवनाथ धाम को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। मंदिर परिसर में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और विद्युत सजावट का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। गंगा दशहरा के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालु बाबा भैरवनाथ के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचेंगे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
गंगा दशहरा के अवसर पर लगने वाला यह ऐतिहासिक मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी माना जाता है। मेले में आजमगढ़ समेत मऊ, गाजीपुर, जौनपुर और आसपास के अन्य जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। शाम होते ही पूरा मेला क्षेत्र रोशनी और श्रद्धा के माहौल से गुलजार हो उठता है।
मेले में बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए जा रहे हैं। खास तौर पर मौत का कुआं, ड्रैगन झूला, ब्रेक डांस झूला समेत कई बड़े आकर्षण लोगों को अपनी ओर खींचेंगे। वहीं बच्चों के लिए खिलौने, गुब्बारे, मिठाइयां, आइसक्रीम, फास्ट फूड और अन्य आकर्षक सामानों की अलग-अलग दुकानें सजाई जा रही हैं। घरेलू उपयोग की वस्तुओं और सजावटी सामानों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा सुरक्षा एवं सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। मेला परिसर में बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की गई है। पुलिस बल की तैनाती के साथ मेले पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाबा भैरवनाथ धाम में लगने वाला गंगा दशहरा मेला वर्षों पुरानी परंपरा का प्रतीक है और इसकी भव्यता पूरे पूर्वांचल में प्रसिद्ध है। हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh