Latest News / ताज़ातरीन खबरें

भीषण गर्मी में चार दिन से अंधेरे में भैंसहा, जला ट्रांसफार्मर नहीं बदल सका विभाग बिजली-पानी संकट से त्रस्त ग्रामीणों में आक्रोश

बिलरियागंज। सरकार भले ही गांवों में बेहतर बिजली व्यवस्था के दावे कर रही हो, लेकिन भैंसहा गांव की तस्वीर उन दावों की पोल खोल रही है। बुधवार की रात तेज धमाके के साथ जला 25 केवीए का ट्रांसफार्मर चार दिन बाद भी नहीं बदला जा सका है। भीषण गर्मी और उमस के बीच पूरा गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। बिजली संकट के चलते लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक बुधवार की देर रात ट्रांसफार्मर से अचानक तेज आवाज निकली और देखते ही देखते वह धू-धू कर जल उठा। इसके बाद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रात में ही ग्रामीणों ने बिलरियागंज विद्युत उपकेंद्र को सूचना दी और ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते अब तक कोई समाधान नहीं हो सका।
चार दिनों से बिजली गायब होने के कारण गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। घरों में लगे समरसेबल और मोटर बंद पड़े हैं। दिन में तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है, जबकि रात में बिजली न होने से लोग घरों के बाहर जागकर समय बिताने को मजबूर हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की परेशानी सबसे ज्यादा बढ़ गई है।
ग्रामीण संजय, बच्चूलाल, बिहारीलाल, अजय मौर्य, विजय प्रकाश, चंदन और राजनारायण आदि ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत के बावजूद अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं।
अवर अभियंता सहदेव राम ने बताया कि जले हुए 25 केवीए ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगाकर गांव की बिजली आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh