Latest News / ताज़ातरीन खबरें

डीएम की अपील : लू, आकाशीय बिजली व नदी में नहाने के दौरान बरतें विशेष सावधानी

•पांच दिनों तक रेड अलर्ट, दोपहर 12 से 3 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें

 देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बढ़ते तापमान एवं आगामी पांच दिनों तक जारी रेड अलर्ट को देखते हुए जनपदवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी, लू, आकाशीय बिजली एवं नदी में डूबने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सभी नागरिक सावधानी बरतें, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

        जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे डिहाइड्रेशन, लू लगने एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। लगातार पानी पीते रहें, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें तथा बाहर निकलते समय सिर को गमछा, टोपी अथवा कपड़े से ढककर रखें। यात्रा के दौरान पानी साथ रखें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।

       उन्होंने बताया कि लू लगने पर शरीर का तापमान अचानक बढ़ जाना, तेज सिरदर्द, त्वचा का लाल एवं शुष्क हो जाना, उल्टी होना तथा बेहोशी जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। ऐसी स्थिति में प्रभावित व्यक्ति को तुरंत छायादार स्थान पर ले जाएं, शरीर पर पानी का छिड़काव करें, पंखा या कपड़े से हवा करें तथा यदि व्यक्ति होश में हो तो उसे ठंडा पानी पिलाएं। गंभीर स्थिति होने पर तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा की सहायता लेकर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं।

        जिलाधिकारी ने मजदूरों एवं श्रमिकों से भी अपील की कि अधिक गर्मी में लगातार कार्य न करें तथा बीच-बीच में विश्राम अवश्य करें। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं पालतू जानवरों को धूप में खड़े वाहनों में न छोड़ें, क्योंकि इससे शरीर का तापमान तेजी से बढ़ सकता है।

आकाशीय बिजली से होने वाली घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों से पंचायत भवनों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक भवनों पर लाइटनिंग अरेस्टर लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है, जिससे आकाशीय बिजली से होने वाले नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है। इसके लिए पंचायत निधि से भी व्यवस्था की जा सकती है।

         जिलाधिकारी ने सभी तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आकाशीय बिजली अथवा प्राकृतिक आपदा से जनहानि, पशुहानि या मकान क्षति की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचें तथा शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि राहत वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी कराई जाए।

        उन्होंने जनपद की राप्ती, घाघरा एवं सरयू नदियों में बढ़ती डूबने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से गहरे पानी में न जाने की अपील की। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों एवं संबंधित अधिकारियों को नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को सुरक्षित दूरी की जानकारी मिल सके और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

       जिलाधिकारी ने कहा कि तेज आंधी-तूफान के दौरान कच्चे एवं जर्जर मकानों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को ऐसे परिवारों की सूची तैयार कर शासन की योजनाओं से लाभान्वित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा किसी भी आपात स्थिति में आमजन की सहायता के लिए तत्पर रहेगा।

         जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि प्रशासन द्वारा जारी सावधानियों का पालन करें तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, ताकि भीषण गर्मी एवं प्राकृतिक आपदाओं से जनहानि को रोका जा सके।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh