Latest News / ताज़ातरीन खबरें

घोसी कोतवाली में थाना समाधान दिवस आयोजित, 31 में से 4 मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण

घोसी।मऊ। घोसी कोतवाली परिसर में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र सिंह ने संयुक्त रूप से इसकी अध्यक्षता की। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादियों की समस्याओं को सुना गया और अधिकारियों-कर्मचारियों को समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में कुल 31 मामले दर्ज किए गए। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित 24 और पुलिस विभाग से जुड़े 7 मामले शामिल थे। अधिकारियों ने शिकायतें सुनने के बाद कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई की। राजस्व विभाग के दो और पुलिस विभाग के दो मामलों का तत्काल निस्तारण कर फरियादियों को राहत दी गई। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जल्द जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने राजस्व कर्मियों को भूमि विवाद, पैमाइश और कब्जे से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र सिंह ने पुलिस कर्मियों को फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और शिकायतों के निस्तारण में कोई लापरवाही न बरतने का निर्देश दिया। समाधान दिवस में जमीन विवाद, रास्ते के विवाद, मारपीट और अन्य स्थानीय शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को मौके पर जाकर जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपराध निरीक्षक मोतीलाल पटेल, उपनिरीक्षक विजयशंकर, कानूनगो मतीन खान, लेखपाल अरविन्द पांडेय और नगर पंचायत कर्मियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। थाना समाधान दिवस के दौरान कोतवाली परिसर में फरियादियों की काफी भीड़ देखी गई।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh